Special

जल्द शुरू होने जा रहा है टोक्यो पैरालंपिक 2020, भारतीय खिलाड़ी भी होंगे शामिल

 

डेस्क: जुलाई महीने के 2021 में टोक्यो में आयोजित किए गए टोक्यो ओलंपिक 2020 में इस बार भारत का जलवा देखने को मिला। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय खिलाड़ियों ने भारत का सिर गर्व से ऊंचा करने का कोई भी कसर नहीं छोड़ा था। 15 दिनों तक चलने वाले टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत से कुल 127 खिलाड़ी इसका हिस्सा बनने टोक्यो गए थे।

टोक्यो जाने वाले सभी खिलाड़ियों में से केवल 7 खिलाड़ी ऐसे थे जिन्होंने पदक जीता। लेकिन सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी देशवासियों का दिल जीत लिया। 15 दिनों के कठिन प्रतिस्पर्धाओं के बाद 8 अगस्त के दिन टोक्यो ओलंपिक 2020 समाप्त हो गया। अलग-अलग देशों से आए सभी खिलाड़ी अपने-अपने देश लौट गए। भारत के सभी खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित करने के बाद अपने देश लौट कर चले आए।

दिल्ली एयरपोर्ट में किया गया भव्य स्वागत

भारत लौटने वाले सभी खिलाड़ियों का खेल मंत्रालय द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए दिल्ली के अशोका होटल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अलग-अलग राज्यों की सरकारों ने और कई संस्थाओं ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए इनामों की घोषणा भी की।

अब शुरू होने जा रहा टोक्यो पैरालंपिक 2020

ओलंपिक का आयोजन करने के बाद जापान का टोक्यो शहर पैरालंपिक का भी आयोजन जल्द ही करने जा रहा है। 24 अगस्त 2021 से टोक्यो में पैरालंपिक का आयोजन किया जाएगा। यह 15 दिनों तक चलने के बाद 6 सितंबर को समाप्त होगा। पैरालंपिक के कारण फिर एक बार दुनिया भर के कई खिलाड़ियों का जमावड़ा टोक्यो में होने वाला है। इसमें कई भारतीय खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

43 भारतीय खिलाड़ी फिर जाएंगे टोक्यो

अधिकारिक सूत्रों की मानें तो भारत के कुल 43 खिलाड़ी पैरालंपिक का हिस्सा बनने के लिए टोक्यो के लिए प्रस्थान करेंगे। पैरालंपिक के कुल नौ खेलों में हिस्सा लेने के लिए भारतीय खिलाड़ी टोक्यो जाने वाले हैं। इन 9 खेलों में तीरंदाजी, पैरा कैनोइंग, व्यायाम, बैडमिंटन, पावरलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, तैराकी और ताइक्वांडो जैसे खेल शामिल है। बता दें कि ताइक्वांडो एक ऐसा खेल है जिसके बारे में काफी कम भारतीय ही जानते हैं लेकिन फिर भी भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी अरुणा तंवर ने इस खेल के लिए क्वालीफाई किया है।

यहां लाइव देख सकते हैं पैरालंपिक 2020

ओलंपिक की ही भांति यूरोस्पोर्ट और यूरोस्पोर्ट एचडी पर टोक्यो पैरालंपिक 2020 का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा डिस्कवरी प्लस एप पर भी पैरालंपिक का प्रसारण देखा जा सकेगा। सभी भारतीय दर्शक पैरालंपिक 2020 का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट चैनल पर 24 अगस्त से ही सुबह 9:00 बजे देख सकेंगे। इसके अलावा प्रसार भारती के यूट्यूब चैनल में भी इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा।

पैरालंपिक खेलों का हो रहा बेसब्री से इंतजार

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के इतने अच्छे प्रदर्शन के बाद देश की जनता अब बेसब्री से पैरालंपिक का इंतजार कर रही है। उन्हें देश के खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है कि ओलंपिक की ही तरह पैरालंपिक में भी भारतीय खिलाड़ी अपना बेहतरीन प्रदर्शन देंगे और पदक जीतकर भारत लाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button