
डेस्क: बिहार सरकार के एक आईएएस अधिकारी डॉ जितेंद्र गुप्ता के पिछले 10 महीनों से लापता होने की खबर सामने आ रही है। हालांकि सरकार ने उनके लिए खोजबीन भी शुरू की थी, लेकिन अधिकारी के बारे में कुछ भी पता नहीं चला। अंत में बिहार सरकार ने सर्विस रूल के उल्लंघन का दोषी मानते हुए आईएएस अधिकारी डॉ जितेंद्र गुप्ता को 1 नवंबर 2021 को सस्पेंड कर दिया। बता दें कि डॉ जितेंद्र गुप्ता 2013 बैच के अधिकारी हैं। फिलहाल डॉ जितेंद्र गुप्ता का मुख्यालय आयुक्त पटना प्रमंडल में रखा गया है।
रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस द्वारा हुए थे गिरफ्तार
5 साल पहले विजिलेंस ब्यूरो ने डॉक्टर जितेंद्र गुप्ता को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय डॉक्टर जितेंद्र गुप्ता कैमूर जिले के मोहनिया शहर में एसडीओ के पद पर थे। दरअसल जितेंद्र गुप्ता ट्रांसपोर्टरों से अवैध वसूली करने के मामले में गिरफ्तार हुए थे जिसके लिए उनके खिलाफ कार्यवाही की गई। हालांकि जितेंद्र ने इसे ट्रांसपोर्ट माफियाओं द्वारा बुरा गया एक जाल कहकर खुद को निर्दोष बताते रहे।